द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार ने दो घरों में मातम ला दिया। गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर चतरो के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक नाबालिग समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने चतरो के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
मृतकों की पहचान देवरी थाना क्षेत्र के मंझीलाडीह निवासी 8 वर्षीय गौतम तिवारी और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रानीडीह निवासी 23 वर्षीय राजेश तुरी के रूप में हुई है। दोनों अपने एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर भोरणडीहा से छठियारी का निमंत्रण देने जा रहे थे। इसी दौरान चतरो के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौतम और राजेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य मासूम सुरक्षित बच गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने चतरो के पास गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों के रो-रोकर बुरे हाल हो गए और इलाके में मातमी सन्नाटा पसर गया।
सूचना मिलते ही बीडीओ गणेश रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम हटवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
बीडीओ गणेश रजक ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाइक को एक कंटेनर वाहन ने टक्कर मारी है। पुलिस ने चार संदिग्ध वाहनों को जब्त किया है, हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दुर्घटना किस वाहन से हुई। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार मृतकों के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल दाह-संस्कार के लिए तत्काल सहायता के रूप में परिजनों को 20 हजार रुपये नगद दिए गए हैं।