गोड्डा:
गोड्डा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां गोड्डा-भागलपुर मार्ग पकड़िया में स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर हो गई। इस टक्कर में बाइक सवार दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई है। यह दोनों गोड्डा अडाणी पावर प्लांट में काम करते थे। ड्यूटी से वापस लौटने के दौरान यह हादसा हुआ। मरने वाले की पहचान ब्रह्मदेव पंडित और विनोद के रूप में हुई है। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गाड़ी के परखच्चे उड़े
मिली जानकारी के अनुसार दोनों बाइक सवार अडाणी पावर प्लांट से ड्यूटी कर देर रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पकड़िया के पास सामने से आ रही स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क से काफी दूर जाकर गिरी। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वहीं स्कॉर्पियो भी आगे जाकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस भीषण हादसे में दोनों बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि स्कॉर्पियो के ड्राइवर को चोटें आई हैं।

हादसे की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोतरी
हादसे में मरने वाला ब्रह्मदेव पंडित गोड्डा के लहेरी टोला निवासी है। वह अपने घर का इकलौता लड़का था। वहीं दूसरा व्यक्ति विनोद साहिबगंज का रहने वाला है। दोनों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इन दिनों गोड्डा में सड़क दुर्घटना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। पांच दिन पहले भी सड़क हादसे में 4 लोगों की जान गई थी। इधर कुछ दिनों से भागलपुर-पीरपैंती मार्ग पर पंजवारा गोड्डा के बीच हादसे की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसके पीछे की वजह अदानी पावर प्लांट के कर्मियों की ड्यूटी को लेकर भीड़ बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।