रांची:
साल 2022 में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष (Prime Minister's National Distress Relief Fund) से विभिन्न गंभीर और असाध्य रोगों के उपचार के लिए राशि दी गई है। कुल राशि 55 लाख 41 हजार है जो 26 लोगों को दी गई है। बता दें कि यह राशि सांसद संजय सेठ (Sanjay Seth) की अनुशंसा पर रांची लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों को दी गई है। जिनको यह पैसे मिले है उनमें 14 कैंसर के मरीज, 7 दिल और किडनी से जुड़े मरीज हैं। अन्य रोगों के पांच मरीजों को यह राशि प्रदान की गई है।

असाध्य रोग से जूझ रहा कोई भी नागरिक ले सकता है पैसा
इस बारे में जानकारी देते हुए सांसद संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष के तहत असाध्य रोग से जूझ रहा कोई भी नागरिक उपचार के लिए राशि ले सकता है लेकिन इलाज करने वाला अस्पताल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से राशि लेने के लिए अधिकृत होना चाहिए।
3-3 लाख रुपये की राशि दी गई
रांची लोकसभा क्षेत्र के रांची जिला और सरायकेला खरसावां जिला में गंभीर रोगों जैसे कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, किडनी प्रत्यारोपण, ब्लड कैंसर, दिल से जुड़े रोग, ब्रेन ट्यूमर, प्लास्टिक एनीमिया सहित कई अन्य असाध्य रोगों के उपचार के लिए राशि प्रदान की गई है। असाध्य रोगों से जूझ रहे 13 गंभीर मरीजों को 3-3 लाख रुपये की राशि दी गई है। इससे इन मरीजों का उपचार बहुत सरल हुआ है।

यह है प्रक्रिया
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से देशभर के लोगों को असाध्य रोगों के उपचार के लिए राशि प्रदान की जाती है। इसके लिए संबंधित रोगियों या उनके अभिभावक का आय प्रमाण पत्र, जिस अस्पताल में इलाज हो रहा हो वहां का स्टीमेट, आधार कार्ड, रोगियों की पासपोर्ट साइज की फोटो अनिवार्य होती है। आवेदन के न्यूनतम 40 से 50 दिनों की समय सीमा में उपचार के लिए राशि निर्गत की जाती है, जो सीधे अस्पतालों के खाते में भेजी जाती है।