द फॉलोअप डेस्क
बिहार के बक्सर जिले में एक आपसी विवाद ने शनिवार सुबह खूनी रूप ले लिया, जब अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर दी। घटना राजपुर थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव की है। इस हमले में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अहियापुर गांव के विनोद यादव और सुनील यादव का गांव के ही कुछ लोगों के साथ गिट्टी-बालू के कारोबार को लेकर विवाद हुआ था। शनिवार सुबह नहर के पास घात लगाए बैठे हथियारबंद हमलावरों ने परिवार के लगभग छह सदस्यों को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं।
इस हमले में विनोद सिंह, सुनील सिंह और वीरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद गांव में भारी तनाव फैल गया है। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।