द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के कोदम्बरी गांव में एक अजीबोगरीब घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। दरअसल, कपड़ा बेचने के बहाने गांव में आए तीन युवक बकरा चोरी करते हुए ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए।.jpg)
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों युवक घर-घर जाकर कपड़ा बेचने का बहाना कर रहे थे। इसी दौरान मौका पाकर उन्होंने एक बकरे को बोरे में भरकर भागने की कोशिश की। लेकिन उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया। कुछ ग्रामीणों ने यह नज़ारा देख लिया और शोर मचा दिया। देखते ही देखते पूरे गांव के लोग जुट गए और तीनों युवकों को पकड़ लिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने पहले तीनों की जमकर पिटाई की और फिर उन्हें बिजली के खंभे से बांध दिया। इसके बाद गांव वालों ने घटना की जानकारी हीरोडीह थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।.jpeg)
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले पाए गए हैं। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पिछले कुछ दिनों से मवेशी चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं, जिसके कारण गांव के लोग पहले से ही सतर्क थे। इसी चौकसी की वजह से तीनों आरोपी आज पकड़े गए।
फिलहाल पुलिस तीनों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनके साथ और कौन-कौन इस चोरी गिरोह में शामिल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है, कि ऐसे चोर गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि क्षेत्र में दोबारा ऐसी घटनाएं न हों।