logo

मनचाही पोस्टिंग का झांसा देकर पुलिस को ठगने वाले 5 शातिर हिरासत में

FRAUD34.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मनचाहा ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने वाले गिरोह के पांच सदस्यों को रांची में हिरासत में लिया है। गिरफ्तार किए गए सदस्यों में सज्जाद उर्फ मुन्ना, कैप्टन सिंह सलूजा, सूर्य प्रभात, आयन सरकार और चंदन लाल शामिल हैं। कोतवाली पुलिस इन सदस्यों से पूछताछ कर रही है और जानकारी के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने कई पुलिस अधिकारियों से मनचाही पोस्टिंग कराने के नाम पर डेढ़ करोड़ रुपए एडवांस लिया था। हालांकि, अभी तक पैसे देने वाला एक भी अधिकारी सामने नहीं आया है, न ही किसी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है।


पुलिस अधिकारियों के साथ गिरोह के संबंधों की जांच के लिए सीआईडी को जिम्मेदारी दी जा सकती है। झारखंड पुलिस के वरीय अधिकारी भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के लोगों ने दर्जन भर पुलिस अधिकारियों को अपनी पहुंच के बल पर मनचाहे स्थानों पर ट्रांसफर कराने का आश्वासन दिया था। अब इस मामले की सत्यता का पता लगाने के लिए जांच की आवश्यकता है। पांच आरोपियों के मोबाइल फोन से कई पुलिस अधिकारियों के साथ वाट्सएप चैट बरामद हुए हैं। इन चैट्स में ट्रांसफर और पोस्टिंग के बारे में बातचीत हुई है। तीन पुलिस अधिकारियों ने धनबाद में अपनी पोस्टिंग कराने के लिए आरोपियों से संपर्क किया था। आरोप है कि ये आरोपी एक रसूखदार व्यक्ति के नाम पर पुलिस अधिकारियों से वसूली कर रहे थे।


पुलिस ट्रांसफर-पोस्टिंग के मामले में चुप है, क्योंकि शिकायतकर्ता के सामने आने से पहले गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा सकती है। लेकिन शिकायतकर्ता भी सामने नहीं आ रहे हैं, क्योंकि अगर वे पैसे देने की शिकायत करते हैं, तो उन्हें भी इस गोरखधंधे में शामिल माना जाएगा।