logo

67वें SGFI अंडर-14 फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज कल, खेलमंत्री हफीजुल अंसारी करेंगे उद्घाटन

a686.jpeg

द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के द्वारा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की मेजबानी में रांची में 17 जनवरी से 19 फरवरी तक आयोजित  होने वाली 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल 2023-24 के अंर्तगत फुटबॉल खेल की  तैयारी पूरी हो गई है। प्रतियोगिता के पूर्व खेलगांव में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के प्रशासी पदाधिकारी जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि रांची में होने वाले 6 खेलों में से 17 से 21 जनवरी तक होने वाले फ़ुटबॉल अंडर 14 बालक एवं बालिका प्रतियोगिता के लिए देश भर से 620 बालक एवं 500 बालिका खिलाड़ी, झारखंड फ़ुटबॉल संघ एवं झारखंड ओलम्पिक संघ से 117 तकनीकी पदाधिकारी खेल गांव पहुंच चुके है।

 

खिलाड़ियों का परंपरागत स्वागत हुआ
जयंत मिश्र ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से सभी को उनके झारखंड आगमन पर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया एवं उनके खेलगांव पहुंचने पर पंजीयन उपरांत वेलकम किट बैग दिया गया। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग के 200 से अधिक शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं 50 से अधिक पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।  उन्होंने बताया कि फुटबॉल के अलावा रांची में कबड्डी,वुशु, खोखो,साइकलिंग और स्केटिंग की प्रतियोगिता होंगी। जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

रांची के इन स्टेडियमों में होंगे मुकाबले
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अयोजन सचिव धीरसेन सोरेंग, झारखंड ओलिंपिक संघ के शिवेंदु दुबे, झारखंड फ़ुटबॉल संघ के तकनीकी निदेशक नवीन सुंडी, एसजीएफआई के प्रतिनिधि कनिका मौजूद थे। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के मैच विकास विद्यालय में एवं बालक वर्ग के मैच खेल गांव प्रैक्टिस ग्राउंड, बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी एवं मंदिर मैदान मोरहाबादी में मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन कल अपराह्न  3 बजे माननीय खेल मंत्री से हफीजुल हसन अंसारी के द्वारा बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में किया जाएगा।