logo

झारखंड में बारिश–वज्रपात लील गया 8 जिंदगी, मकान जमींदोज; पुल–सड़क बहे

तगुपू.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में इन दिनों भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण शनिवार को राज्यभर में हुए अलग-अलग हादसों में 8 लोगों की जान चली गई। दर्जनों घर क्षतिग्रस्त हो गये। तीन की मौत कच्चे मकान गिरने से हुई। जबकि चार मौत वज्रपात से हुई है। एक की मौत उफनाई नदी में बहने के कारण हो हई। दो अन्य नदी में बह गये हैं जिनकी खोज चल रही है। गढ़वा के बिशुनपुरा थाना के पिपरीखुर्द में शनिवार सुबह कुंवर पासवान के कच्चे घर की दीवार गिरने से उसकी पत्नी की दबकर मौत हो गई। वहीं पलामू के हैदरनगर के मोकहर खुर्द में खपरेल मकान गिरने से सुरेश राम की मौत हो गई व पत्नी घायल है। वहीं रामगढ़ के बरलंगा में दीवार गिरने से 80 वर्षीया जलेश्वरी देवी की मौत हो गई। 


वज्रपात बना कहर 
वज्रपात भी लोगों पर कहर बनकर गिरा है। दुमका के हंसडीहा में से दो लड़कों की मौत हो गई। जबकि 7 घायल हैं। बताया जा रहा है कि सभी फुटबॉल मैच देखने गए थे तभी ठनका की चपेट में आ गए। गिरिडीह के पीरटांड़ में शनिवार को ठनका से मंझली देवी नामक महिला की मौत हो गई जबकि फुलमनी देवी भी उसकी चपेट में गई है, हालांकि वह गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। इधर साहिबगंज में ठनका से एक की जान चली गई। उधऱ दुमका के श्री अमड़ा शांतिनगर निवासी मृणाल चक्रवर्ती की मौत नदी में डूबने से हो गई। मृणाल अपने दो साथियों के साथ नदी में नहाने गया था। वहीं, गोड्डा के बसंतसराय में मछली पकड़ने गए दो युवक चेकडैम में बह गए।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N