logo

3 दिन की बारिश में 8 लोगों की मौत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट; राज्य के इन क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ा 

HEAVY_RAIN1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
झारखंड में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। 3 दिनों से जारी बारिश से राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। अब तक बारिश से 8 लोगों की मौत की सूचना मिली है। वहीं कई लोग घायल हो गए हैं। गढ़वा, पलामू, लातेहार, और चतरा जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। यहां कई मकान ढह गए और सड़कों पर पानी भर गया। तेनुघाट डैम के 8 गेट खोल दिए गए हैं। इससे दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ने से खतरे का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश के जारी रहने की संभावना जताई है। इस बारिश से कई गांवों का मुख्य सड़कों से संपर्क टूट गया है। इससे लोगों को आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभी तक राज्य के लगभग दर्जनों घर और पेड़ धवस्त हो चुके हैं। नदियों और झरनों में उफान की स्थिति बन गयी है। बिजली के खंभों के टूटने से कई इलाकों में बिजली की आपूर्ति पर भी असर पड़ा है। 

मिली जानकारी के अनुसार गढ़वा के मनोज सिंह खरवार और बिशुनपुर की हेवंती देवी के शव नदी से बरामद किए गए। वहीं कई लोगों की मौत डूबने से और कई की मौत पेड़ गिरने और घर गिरने से हुई है। टुंडी में घर गिरने से 2 बच्चियों घायल हो गयी हैं। वहीं, राज्य के तेनुघाट डैम, दामोदर, उसरी नदी में पानी भरने से अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए हैं। इसके साथ ही, लोगों को सावधानी बरतने और घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
साथ ही मौसम विभाग ने मंगलवार को भी तेज हवा, वज्रपात और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, लोहरदगा, बोकारो, गुमला, चतरा, गढ़वा, लातेहार, कोडरमा, रामगढ़, हजारीबाग में 50 किमी प्रति घंटे हवा चलने का संभावना है। वहीं कई स्थानों में वज्रपात की भी आशंका जताई जा रही है।


 

Tags - झारखंड भारी बारिश मौसम विभाग Jharkhand heavy rain meteorological department