द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के झरिया स्थित 4 नंबर टैक्सी स्टैंड के पास स्थित ऐतिहासिक मां मंगल चंडी मंदिर में आज शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, मंदिर के पास स्थित पूजा समिति कार्यालय में आग लगी थी, जहां कई कपड़े रखे गए थे। आग धीरे-धीरे वेंटिलेटर के माध्यम से मंदिर परिसर तक फैल गई।
जब मंदिर से धुआं उठने लगा, तो स्थानीय लोगों ने शोर मचाया और तुरंत पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन अग्निशमन वाहन के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने मंदिर समिति के साथ मिलकर आग पर काबू पा लिया था।
मंदिर में लगी आग से बजरंगबली और भगवान शिव के मंदिरों को भारी नुकसान हुआ है। आग के कारण टाइल्स, बिजली की वायरिंग, पंखे, बल्ब और मूर्तियां जलकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पुजारी के अनुसार, इस घटना में लगभग दो से तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, पास स्थित दुर्गा भवन के रूम में रखे डेकोरेटर के तिरपाल, बांस और कपड़े भी जलकर खाक हो गए। हालांकि, अभी तक नुकसान का सटीक आकलन नहीं हो पाया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
