द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची स्थित सागर होटल के पास गोलचक्कर पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती की जान चली गई। युवती स्कूटी से टर्न ले रही थी, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक टैंकर ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात के समय हुई जब युवती काशीडीह गोलचक्कर के पास स्कूटी मोड़ रही थी। तभी तेज गति से आए टैंकर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद युवती के परिजन गहरे सदमे में हैं और दिनभर अस्पताल के चक्कर काटते रहे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा शव उन्हें नहीं सौंपा जा रहा था। अस्पताल का कहना था कि इलाज के दौरान हुए खर्च का पूरा भुगतान पहले करना होगा, तभी शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस बीच यह भी जानकारी मिली है कि दुर्घटना में शामिल टैंकर की पहचान हो गई है, लेकिन टैंकर मालिक की ओर से मुआवजे को लेकर टालमटोल किया जा रहा है।
