द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा के 575.19 वर्ग किलोमीटर वन क्षेत्र को स्टैंडर्ड वाइल्ड लाइफ सेंचुरी अधिसूचित करने के मुद्दे पर राज्य सरकार ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स का गठन कर दिया है। इसमें भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ, कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका सिंह पांडेय को सदस्य बनाया गया है। मंत्रिमंडल समन्वय विभाग द्वारा इस संबंध में आज अधिसूचना जारी कर दी गयी।
.jpeg)
मालूम हो कि 24 सितंबर को हुई कैबिनेट की बैठक में ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स के गठन करने पर सहमति बनी थी। अधिसूचना में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में सारंडा वन क्षेत्र को पर्यावरण के दृष्टिकोण से संरक्षित करने तथा इस क्षेत्र में निवास करने वाले जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक जीवन तथा रुढिवादी परंपराओं को अक्षुण्ण रखने हेतु संरक्षण एवं विकास का संतुलित दृष्टिकोण अपनाते ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स स्थल भ्रमण करेगा। सभी पहलुओं पर विचार करते हुए कैबिनेट के समक्ष अपना सुझाव देगा। वन पर्यावरण, अनुसूचित जनजाति जनजाति अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग विभाग समिति को सहयोग करेगा। स्थल भ्रमण के समय संबंधित क्षेत्र के डीसी, एसपी द्वारा अपेक्षित आवासन, भोजनादि, वाहन एवं सुरक्षा के प्रबंध किए जाएंगे।
