रांची:
राजधानी में सिंचाई, सड़क, बिजली, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, जिला परिषद, स्पेशल डिविजन आदि विभागों द्वारा जिले में चल रही योजनाओं की कार्य प्रगति को लेकर डीसी ने बैठक की। टेक्निकल एवं सिविल वर्क से संबंधित बैठक में DC राहुल कुमार सिन्हा ने योजनाओं की कार्य प्रगति की विस्तृत रूप से समीक्षा की गई। वहीं अधिकारियों को इससे जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

कोई भी समस्या हो तुरंत लिखित रूप में प्रशासन को दे सूचना
बैठक में DC राहुल कुमार सिन्हा ने विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारियों को चल रही स्कीम से संबंधित रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि जो स्कीम लंबे समय से चल रहे हैं और कारणवश अपूर्ण हैं, उनको पूरा करना प्राथमिकता है। योजनाओं को पूर्ण करने में नन डिपार्टमेंटल इश्यू हैं तो बताएं उनका समाधान किया जायेगा। बैठक में सभी कार्यपालक अभियंताओं को निदेश दिया गया कि यदि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में भूमि संबंधी समस्या अथवा अन्य किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो बिना देर किए लिखित रूप में जिला प्रशासन को इसकी सूचना दें। उसका निराकरण अविलम्ब कराकर योजना कार्य समय सीमा के अन्दर पूर्ण किया जा सकें।

प्रशासनिक भागीदारी की आवश्यकता पर विचार विमर्श
सिरम टोली से मेकॉन गोलचक्कर तक एलिवेटेड रोड, अरगोड़ा से कटहल मोड़ तक रोड के चौड़ीकरण आदि महत्वपूर्ण परियोजनाओं की भी उपायुक्त द्वारा समीक्षा की गयी। इन सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए की जानेवाली आवश्यक प्रक्रियाओं को उपायुक्त जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।विभिन्न स्कीम में विधि व्यवस्था की समस्या एवं प्रशासनिक भागीदारी की आवश्यकता पर विचार विमर्श किया गया। इसके साथ ही बैठक में अनुपस्थित रहने पर कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के वेतन पर रोक जारी रखने का निर्देश डीसी द्वारा दिया गया।