द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने डेमोटांड में 'सिन्हा हेल्थ इंस्टिट्यूट' की स्थापना की है। इस कार्य को सफल बनाने के लिए 22 जुलाई को इंस्टिट्यूट का भूमिपूजन संपन्न किया गया, जो 6 से 9 महीनों में बनकर तैयार हो जाएगा।
डेमोटांड में स्थापित किए जा रहे संस्थान में जनता को एमआरआई (MRI) की सुविधा दी जाएगी। जनता की मांग पर पैथोलॉजी लैब, एक्सरे, सिटी स्कैन, ओपीडी और मेडिकल शॉप जैसी विभिन्न उच्चस्तरीय सुविधाओं का लाभ प्रदान भी किया जाएगा। इसे लेकर 'सिन्हा हेल्थ इंस्टिट्यूट' नाम का एनजीओ भी तैयार किया गया है, जो बेहद ही किफायती दर में सुविधा देगी।

देश के पूर्व राज्य उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने जानकारी दी कि विश्व स्तर के डॉक्टर ऑनलाइन मरीज को निशुल्क परामर्श भी देंगे। इसे लेकर एक बड़ा टीम तैयार किया गया है। इस डायग्नोसिस सेंटर का एकमात्र उद्देश्य आम जनता को सेवा देना है।
हजारीबाग के पूर्व सांसद जयंत सिन्हा ने फिर से एक बार यहां दोहराया कि इस काम को सेवा भाव से ही लेना है, राजनीति से यह प्रेरित नहीं है। आने वाले समय में राजनीति में आने का भी मनसा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा जन सेवा, राष्ट्र सेवा की बात करते हैं। सेवा करने के कई तरह के माध्यम हैं। उन्हीं माध्यमों में एक स्वास्थ्य सेवा भी है, जिसके जरिए झारखंड के लोगों को यह सुविधा दी जा रही है।

आज भी एमआरआई की सुविधा बेहद कम जगह पर है, इसे देखते हुए व्यवस्था की जा रही है। लंबे समय अंतराल के बाद जयंत सिन्हा हजारीबाग में आम जनता के साथ दिखे। उन्होंने इस दौरान सिस्टम पर भी सवाल खड़ा किया कि जिस उद्देश्य से सेवा भाव किया जा रहा था, वह 10 साल के बाद भी पूरा नहीं हो पाया।