द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज के मालदह डिविजन के मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जिसने लगभग एक घंटे तक रेल यातायात को बाधित कर दिया। सुबह करीब 8 बजे, स्टेशन के पश्चिमी रेलवे फाटक के ठीक बीचों-बीच पटरी पर स्टोन डस्ट से लदा एक ट्रैक्टर का डाला पलट गया। डाला पलटने से उस पर लोड स्टोन डस्ट रेलवे लाइन पर बिखर गई, जिससे ट्रेनों की आवाजाही थम गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, रेलकर्मी और आरपीएफ स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी के संयुक्त प्रयासों और एक जेसीबी मशीन की मदद से युद्धस्तर पर रेलवे ट्रैक से स्टोन चिप्स डस्ट और पलटे हुए ट्रैक्टर के डाले को हटाया गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद, ट्रैक को साफ किया गया और रेल यातायात को बहाल किया जा सका।
स्टेशन प्रबंधक ए.के. वर्मा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रैक्टर पलटने के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। अप मालदा-किउल इंटरसिटी एक्सप्रेस मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन पर 8:20 बजे पहुंची और लगभग 45 मिनट तक वहीं रुकी रही, जिसे 9:15 बजे आगे के लिए रवाना किया जा सका। वहीं, 13032 डाउन जयनगर-हावड़ा एक्सप्रेस को पीरपैंती स्टेशन पर रोकना पड़ा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को मिर्जाचौकी आरपीएफ पोस्ट पर तैनात जवानों ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
