रांची
ABVP द्वारा कल प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर झारखंड पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज एवं वॉटर कैनन के प्रयोग के विरोध में आज विधानसभा घेराव किया गया। अभाविप ने कहा कि उनके आह्वान पर प्रदेशभर से रांची पहुंच रहे विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को झारखंड सरकार द्वारा विभिन्न स्थानों पर रोकने का प्रयास किया गया। विधानसभा घेराव के दौरान अभाविप के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा पुनः लाठीचार्ज किया गया, जिसमें छात्रा कार्यकर्ता भी सम्मिलित थीं। कई विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए। विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया तथा राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है।

सरकार पर लगाये ये आरोप
बता दें कि अभाविप ने कल ही झारखंड के सभी जिलों से विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं के रांची पहुंचने का आह्वान किया था। आज सुबह से ही प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर रांची आने वाले वाहनों को चिन्हित कर रोका गया तथा विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को रांची पहुंचने से रोकने का प्रयास किया गया। यह केवल विधानसभा घेराव को नियंत्रित करने का प्रयास नहीं था, बल्कि प्रदेशभर से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने आ रहे विद्यार्थियों को रोककर आंदोलन को विफल बनाने का सुनियोजित एवं कुत्सित प्रयास था। झारखंड सरकार ने सरकारी तंत्र का उपयोग करते हुए इस आंदोलन को विफल बनाने के लिए पुरजोर प्रयास किया, जिसकी अभाविप कड़ी निंदा करती है।

कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियों से रोष
कहा कि पुराने विधानसभा परिसर के निकट निर्धारित एकत्रीकरण स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारियां शुरू कर दी गईं। जब गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं से भरी बसों को आगे ले जाने का प्रयास किया गया, तब विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता बस के आगे लेटकर शांतिपूर्ण तरीके से इसका विरोध करने लगे। पुलिस ने उन्हें घसीटकर हटाया और लाठीचार्ज किया। सरकार द्वारा विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों को विद्यार्थी समुदाय याद रखेगा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, "कल विद्यार्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के प्रयोग के विरोध में आज अभाविप ने शांतिपूर्ण विधानसभा घेराव किया था। सरकार ने विद्यार्थियों की आवाज सुनने के बजाय अभाविप कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोककर गिरफ्तार किया, एकत्रीकरण स्थल पर पहुंचते ही गिरफ्तारियां शुरू कर दीं और फिर अभाविप के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर बर्बर लाठीचार्ज किया।

विद्यार्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं
प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में पेपर लीक और अनियमितताओं के कारण विद्यार्थी लंबे समय से अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों को स्वीकार करने के बजाय सरकार उन्हें दबाने के लिए बलप्रयोग कर रही है। जिन परीक्षाओं को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं, उन्हें रद्द कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार विद्यार्थियों की इस मांग को मानने के लिए तैयार नहीं है। कल शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया और आज उनके समर्थन में विधानसभा घेराव कर रहे अभाविप कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोका गया, गिरफ्तार किया गया और लाठीचार्ज किया गया। यह सरकार के विद्यार्थी विरोधी रवैये को स्पष्ट करता है।
.jpeg)