द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में अब शराब पीने वाले चूहों पर कार्रवाई होगी। इसे लेकर झारखंड के उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद का बड़ा बयान सामने आया है। धनबाद की सरकारी शराब दुकानों से 802 बोतल विदेशी शराब गायब होने के मामले को मंत्री ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने कहा है कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि आखिर शराब किसने पी, जमीन पर रेंगने वाले चूहों ने या फिर दो पैर वाले चूहों ने।
गौरतलब है कि धनबाद के बलियापुर और प्रधानखंता स्थित सरकारी शराब दुकानों से विदेशी शराब की 800 बोतलें गायब हो गई हैं। इस मामले में दुकान संचालकों ने दावा किया है कि 'नशेड़ी' चूहों ने बोतलों के ढक्कन चबाकर शराब पी ली है। यह घटना तब सामने आई जब नई शराब नीति लागू होने से पहले दुकानों के स्टॉक की जांच की जा रही थी।
स्टॉक जांच के दौरान अधिकारियों को यह हैरान कर देने वाली जानकारी दी गई कि चूहों ने शराब की बोतलों के ढक्कन चबा दिए और अंदर की शराब पी ली। कुछ मामलों में तो बोतलें पूरी तरह से गायब पाई गईं। बताया जा रहा है कि ये चूहे सिर्फ देसी नहीं बल्कि विदेशी शराब के भी शौकीन हैं। यह पहली बार नहीं है जब धनबाद के चूहों पर नशे से जुड़ी चीजों को खत्म करने का आरोप लगा है। इससे पहले भी जब्त किए गए गांजा और भांग को चूहों द्वारा खा जाने की बात कही जा चुकी है।
