logo

गुमला : एडिशनल कलेक्टर ने देर रात सदर अस्पताल का किया निरीक्षण, व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु दिए कई निर्देश

gumla_sadar_hospital_nirikshan_ad.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार गुरुवार की देर रात अपर समाहर्ता गुमला शशिंद्र कुमार बड़ाइक द्वारा सदर अस्पताल गुमला का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल की संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा सुधार हेतु महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मेडिसिन की उपलब्धता, ऑक्सीजन आपूर्ति एवं SNCU वार्ड में चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। निर्माणाधीन एलएमओ (Liquid Medical Oxygen) प्लांट का भी निरीक्षण किया गया, जहां कार्य प्रगति ठप पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार से संपर्क स्थापित कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
लेबर रूम की छत से हो रहे जल रिसाव की जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए। बेड की उपलब्धता की स्थिति का भी जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त अस्पताल में तैनात 10 होमगार्ड की संख्या बढ़ाकर 20 किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने की बात कही गई। अस्पताल में साइनेज बोर्ड अद्यतन करने की आवश्यकता को देखते हुए पुराने बोर्ड हटाकर नए साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिसिन रजिस्टर, नर्स रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई।

अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने हेतु पुराने समाहरणालय भवन से सटी चारदीवारी को हटाकर नए पार्किंग स्थल विकसित करने का सुझाव दिया गया, जिसके लिए उपायुक्त महोदय से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। इसके अलावा 108 एंबुलेंस एवं ममता वाहन सेवा के लिए रूट चार्ट तैयार करने तथा नागरिकों को उसकी जानकारी उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने राज्य सरकार की नवीन नीति की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई गर्भवती महिला निजी वाहन से अस्पताल आती है, तो उसे 700 की राशि अस्पताल द्वारा दी जाएगी। उन्होंने जिले वासियों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं को निजी वाहन से भी शीघ्र अस्पताल लाएं, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के अंत में आउटसोर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी हेतु रोस्टर तैयार करने एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।



 

Tags - Latest jharkhand News Gumla Updates latest gumla News  Gumla Updates Gumla Sadar Hospital Sadar hospital gumpa Latest gumla Gumla updates gumla Latest News Latest gumla Updates gumla News in Hindi