logo

आदित्यपुर में अवैध स्क्रैप कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो चालक गिरफ्तार 

ADITYAPUR_p.jpg

सरायकेला-खरसावां
 
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ आदित्यपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्क्रैप लदे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में वाहन मालिकों समेत स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस को शनिवार दोपहर गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में बिना वैध दस्तावेज के स्क्रैप की ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के आसपास जांच अभियान चलाया।

वाहन मालिकों और संबंधित कंपनी संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज

इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध वाहनों को रोककर उनकी जांच की। जांच के दौरान एक बड़े मालवाहक वाहन और एक छोटे मालवाहक वाहन में स्क्रैप लदा मिला। पुलिस द्वारा स्क्रैप के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर चालक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया। पुलिस ने मौके से टेल्को थाना क्षेत्र के जमको मछुआ बस्ती निवासी बबलू कुमार (28) तथा आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-2, बनता नगर निवासी संतोष सरदार (27) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने वाहन मालिकों और संबंधित कंपनी संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।

स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला केवल दो वाहनों की अवैध ढुलाई तक सीमित नहीं है। स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्क्रैप कहां से लाया गया था, किसके निर्देश पर इसकी ढुलाई की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। फिलहाल दोनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस ने कहा है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप के कारोबार और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags - Illegal Scrap Business Adityapur Police Drivers Arrested