logo

झारखंड भवन में ED की रेड के बाद रांची के इन 30 स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात

a307.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

दिल्ली स्थित झारखंड भवन में ईडी की छापेमारी के बीच झारखंड में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास, एसएसपी आवास, मोरहाबादी, जाकिर हुसैन पार्क और किशोरगंज चौक सहित रांची के तकरीबन 30 प्रमुख स्थलों पर भारी तादाद में पुलिस बल की तैनाती की गई है। उपायुक्त ने बताया कि हम स्थिति पर निगाह बनाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुछ अन्य संवेदनशील स्थानों को भी चिन्हित किया गया है। वहां भी पुलिस बल की तैनाती होगी। 

विधि-व्यवस्था बहाल रखना बड़ी चुनौती
रांची उपायुक्त ने बताया कि विधि-व्यवस्था सामान्य बनी रहे, जिला प्रशासन इसके लिए प्रयासरत है। हमारा प्रयास है कि ट्रैफिक व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। सूचना है कि विभिन्न सरकारी उपक्रमों का घेराव किया जा सकता है इसलिए सुरक्षा बढ़ाई गई है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार तड़के ईडी ने झारखंड भवन में छापा मारा। दिल्ली स्थित मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास में भी ईडी के अधिकारी पहुंचे। हालांकि, आरंभिक जानकारी के मुताबिक हेमंत सोरेन आवास पर नहीं मिले। अभी तक जानकारी नहीं मिल पाई है कि हेमंत सोरेन कहां हैं। इस बीच ईडी के अधिकारी और दिल्ली पुलिस के पदाधिकारी और जवान झारखंड भवन में बने हुए हैं। कहा जा रहा है कि झारखंड भवन के कुछ कर्मियों का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

ईडी ने मुख्यमंत्री को भेजा था 10वां समन
इधर, ईडी ने मुख्यमंत्री को 10वां समन भेजकर यह कहा था कि यदि वह 29 से 31 जनवरी के बीच पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुए तो ईडी अधिकारी खुद आएंगे। इस बीच रांची के विभिन्न जिलों से झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का रांची में जुटान हुआ है। रविवार को समर्थकों ने मोरहाबादी से राजभवन तक मार्च निकाला था। आज भी प्रदर्शन की योजना है।