द फॉलोअप डेस्क
गावां थाना गेट के समक्ष मंगलवार की सुबह मृत दोनों महिलाओं के परिजन और ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है। स्वजनों का आरोप है कि गावां थाना पुलिस खोजबीन के लिए पैसे की मांग कर रही थी, नहीं देने पर खोजबीन में लापरवाही बरती गई है। स्वजनों ने आरोपी को खुद से सजा देने के लिए उग्रता दिखाई। बता दें कि प्रेम प्रसंग मामले को लेकर थाना क्षेत्र के निमाडीह निवासी संतोष रविदास की 32 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी और धर्मेंद्र यादव की 25 वर्षीय पत्नी सोनी देवी गुरुवार को गोलगो जंगल में जानवर के लिए पत्ता लाने गई थीं, तभी से दोनों लापता थीं। इसके बाद गावां थाना में दोनों महिलाओं के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
सोमवार को गावां थाना क्षेत्र के गदर पंचायत के महजपुर निवासी दशरथ चौधरी के 25 वर्षीय पुत्र श्रीकांत चौधरी को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर ही गोलगो जंगल से दोनों महिलाओं की लाश बरामद की गई। बताया गया कि दोनों महिलाओं की गला घोंट कर हत्या की गई है। घर से चार किलोमीटर दूर जंगल में दोनों के शव सड़ी-गली अवस्था में पुलिस को मिले। श्रीकांत चौधरी और सोनी देवी के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे कुछ माह पूर्व स्वजनों ने रंगे हाथ पकड़ा था। इसके बाद पंचायत हुई थी और 1.8 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। इसके बावजूद दोनों के बीच प्रेम संबंध बरकरार थे।
मामले का खुलासा कॉल डिटेल्स के आधार पर हुआ। सोमवार को सोनी देवी की मां ने गावां थाना में बेटी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई और श्रीकांत चौधरी पर हत्या करने की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने सोनी देवी का मोबाइल फोन लेकर कॉल डिटेल्स खंगाले। इसके आधार पर श्रीकांत चौधरी को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ की गई। आरोपी की निशानदेही पर निमाडीह से चार किलोमीटर दूर जंगल के नाले से दोनों का शव बरामद किया गया। श्रीकांत ने दोनों की हत्या की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि पहले एक को जंगल में ले जाकर गला घोंट कर मार दिया, वहीं दूसरी महिला को पचास मीटर दूर जंगल में गला घोंट कर मार दिया। लापता होने की सूचना के बाद सोनी का पति दिल्ली से दो दिन पूर्व गांव आया है। वहीं रिंकी देवी का पति किसी मामले में जेल में बंद है।
