logo

जनभावनाओं के अनुरूप आंदोलन करना अपराध तो BJP यह करती रहेगी- दीपक प्रकाश

bjp14.jpg

द फॉलोअप डेस्क
प्रदेश भाजपा द्वारा विगत 11अप्रैल को हेमंत हटाओ,झारखंड बचाओ अभियान के तहत सचिवालय घेराव कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस प्रदर्शन में पूरे प्रदेश के गांव-गांव से न सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता बल्कि आम जनता भी शामिल हुई। राज्य सरकार ने लोकतांत्रिक आंदोलनकारियों पर लाठियां बरसाए,आंसू गैस के गोले दागे और संगीन अपराध की धाराएं लगाकर नेताओं कार्यकर्ताओं पर मुकदमे भी दर्ज किए।  मुकदमों में आरोपी बनाए गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम सांसद दीपक प्रकाश,विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल एवम प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक आज 41ए की नोटिस पर पूछताछ केलिए धुर्वा थाना पहुंचे थे।

दमन का हर तरीका अपना रही हेमंत सरकार
थाने के बाहर मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार अपने खिलाफ बोलने वालों के साथ दमन का हर तरीका अपना रही है। इस सरकार ने हिटलर शाही,तानाशाही की पराकाष्ठा कर दी। यह सरकार अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए अत्याचार का नया तरीका अपना रही है। लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष को लोकतांत्रिक तरीके से जनभावनाओं को उजागर करने,सरकार की विफलताओं,नाकामियों पर बोलने का संवैधानिक अधिकार है। सरकार केवल अपनी जिद्द और हठधर्मिता के साथ शासन चलाना चाहती है। इनके ही वायदे इन्हें याद कराने पर बेरोजगार युवा,बेकसूर महिलाएं,आदिवासी,दलित,लाचार किसान , मजदूर सभी हेमंत सरकार की नज़रों में अपराधी बन जाते हैं।


जनता हेमंत सरकार को देगी करारा जवाब
दीपक प्रकाश ने आगे कहा कि हेमंत सरकार की नजरों में खान खनिज की लूट करना, दलित-आदिवासियों की जमीन लूटना, पंचायत से मंत्रालय तक भ्रष्टाचार करना ,वोट केलिए तुष्टिकरण करना अपराध नहीं है लेकिन जो इसके खिलाफ लोकतांत्रिक विरोध करेगा वो अपराध की श्रेणी में है। यदि राज्य हित में जनभावनाओं के अनुरूप आंदोलन करना अपराध है तो भाजपा यह अपराध बार बार करती रहेगी।  सरकार यदि इसके लिए अपराधी मानती है तो हमें गिरफ्तार करना चाहिए। आगामी चुनाव में जनता हेमंत सरकार को करारा जवाब देगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT