logo

रोजगार-आरक्षण को लेकर आजसू का हेमंत सरकार पर हमला, चलाएगी 'नौकरी दो' अभियान

ajsu28.jpg

द फॉलोअप डेस्क

रांची में आजसू पार्टी के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता और युवा नेता संजय मेहता ने कहा कि झारखंड में युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही है। सरकार ने निजी क्षेत्र में 75% आरक्षण देने का वादा किया था, लेकिन आज तक उसका पालन नहीं हुआ। इसी को लेकर पार्टी 9 अगस्त से 14 अगस्त तक ‘नौकरी दो हेमंत सरकार’ अभियान चलाएगी और निजी कंपनियों को ज्ञापन देकर जवाब मांगेगी।

डॉ. भगत ने कहा कि आजसू पार्टी झारखंड के जमीनी मुद्दों पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि स्थानीयता, नियोजन, परीक्षा, ओबीसी आरक्षण, आउटसोर्सिंग में बढ़ता भ्रष्टाचार, और मइयाँ सम्मान योजना में गड़बड़ी जैसे कई अहम मुद्दे हैं जिन पर सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की आवाज बनकर हर मंच पर इन सवालों को उठाएगी।

पार्टी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मइयाँ सम्मान योजना में साढ़े पाँच लाख महिलाओं का नाम बिना किसी वजह के हटा दिया गया। यदि वे अपात्र थीं तो पहले नाम क्यों जोड़ा गया और अगर यह गलती थी तो जिम्मेदार अफसरों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? सरकार की इस लापरवाही को आजसू महिलाओं का अपमान मानती है और इसके खिलाफ आवाज उठाएगी।

युवा नेता संजय मेहता ने कहा कि सरकार नौकरी और आरक्षण के नाम पर केवल झूठे वादे कर रही है। आउटसोर्सिंग और ठेकादारी व्यवस्था से युवाओं का शोषण बढ़ रहा है। पार्टी हर कंपनी और खनन क्षेत्र से पूछेगी कि कितने स्थानीय युवाओं को नौकरी दी गई है। आजसू परीक्षा आयोगों से भी जवाब मांगेगी और युवाओं की लड़ाई को पूरे दम के साथ लड़ेगी।

Tags - ajsu dr devsharan bhagat sanjay mahto jhakhand news