रांची
झारखंड के हुनरमंद युवाओं की सफलता को सलाम करने के लिए राज्य सरकार 'Alumni Meet' का आयोजन करने जा रही है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री तथा महगामा से विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने शनिवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर इसकी जानकारी साझा करते हुए झारखंड के युवाओं की उपलब्धियों पर गर्व जताया।
दीपिका पांडेय सिंह ने लिखा, "कौशल विकास की कहानी, झारखंड की जुबानी! झारखंड के हुनरमंद युवाओं की सफलता और समर्पण का जश्न मनाने का समय आ गया है।" उन्होंने बताया कि इस 'Alumni Meet' में उन युवाओं से मुलाकात होगी, जिन्होंने कौशल विकास प्रशिक्षण के बाद अपने सपनों को नई उड़ान दी और देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर बेंगलुरु जैसे बड़े महानगरों तक अपना मुकाम बनाया है।
उन्होंने इसे सिर्फ एक मुलाकात नहीं, बल्कि "प्रेरणा की एक नई कहानी" बताते हुए कहा कि हर प्रतिभागी का चेहरा एक नई उम्मीद और हर मुस्कान एक नई उपलब्धि की दास्तान होगी। मंत्री ने प्रदेशवासियों से इस गौरव के पल में शामिल होकर झारखंड की प्रतिभा को सलाम करने का आह्वान भी किया।
कार्यक्रम की तारीख और स्थान की आधिकारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी। सरकार का उद्देश्य कौशल विकास मिशन से जुड़े युवाओं की सफलता को सामने लाना और उन्हें भविष्य में और बेहतर अवसरों के लिए प्रेरित करना है।