भुरकुंडा:
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती आज पूरे राज्य में धूमधाम से मनाई गई। पूरा राज्य आज धरती आबा के रंग में रंगा रहा। इसी कड़ी में बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद ने भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भुरकुंडा के बिरसा चौक में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने चौक पर वीर सिदो कान्हू के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। विधायक ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा अमर क्रांतिकारी होने के साथ गरीबों के सच्चे मसीहा थे। उन्होंने शोषित और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए जीवनपर्यंत संघर्ष किया। झारखंड और देश के लिए भगवान बिरसा का योगदान अहम है। पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के पुनरुद्धार में बड़ा योगदान दिया।

धरती आबा के सपनों का झारखंड बनाने का लिया प्रण
धरती आबा की जयंती के ही दिन झारखंड आधिकारिक तौर पर राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। विधायक ने झारखंड स्थापना दिवस की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड के सभी क्रांतिकारियों और आंदोलनकारियों की हम सभी वंदना करते हैं। उनके सपनों का झारखंड बनाने का प्रण लेते हैं।