द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में बर्ड फ्लू (Bird Flu) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बोकारो में मुर्गियों की मौत के बाद पशुपालन विभाग ने इसे आउट ब्रेक घोषित कर दिया था। अब इस फ्लू का कारण सामने आया है। पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू के फैलाव के लिए प्रवासी पक्षियों को जिम्मेदार ठहराया है। पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन संस्थान के कांके (Kanke of Animal Health and Production Institute) निदेशक के स्तर से सूचना जारी करते कहा गया है कि बर्ड फ्लू अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है। यह घरेलू एवं जंगली पक्षियों को संक्रमित करता है। सितंबर से फरवरी तक इस रोग के संक्रमण की घटना पाई गई है।

प्रवासी पक्षियों से बनाए दूरी
सूचना में आगे लिखा गया कि प्रवासी पक्षियों विशेष रूप से जलीय पक्षी इस विषाणु के प्राकृतिक पोषक एवं स्रोत हैं। हालांकि, सभी प्रवासी पक्षी संक्रमित नहीं होते। इन्हें मारा नहीं जाना चाहिए। कहा है कि इनसे दूरी रखते हुए इसकी सूचना विभाग को दें।

इन बातों का रखे ध्यान
विभाग ने कहा है कि मृत पक्षी दिखने पर इसे ना छूएं। विभाग या स्थानीय निगम को बताएं। बर्ड फ्लू घोषित क्षेत्र के एपिसेंटर से 10 किमी के दायरे में आने वाले सभी मुर्गी- बत्तख की दुकानों को प्रशासन द्वारा बंद करने का निर्देश दिया जाता है। अतः इन क्षेत्रों में अवस्थित दुकानों से मुर्गा खरीदने से बचें। बत्तख के मामले में विभाग का मानना है कि संक्रमित बत्तखों में रोग (बर्ड फ्लू) के लक्षण नहीं होते हैं पर वे रोग के संचरण एवं प्रसार में सक्षम हैं। मुर्गियों में अकस्मात एवं उच्च मृत्यु दर इस रोग के संक्रमण के सूचक हैं।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT