logo

सूचना आयुक्त के लिए अनुज सिन्हा, धर्मवीर सिन्हा, अमूल्य नीरज खलखो, तनुज खत्री और शिव पूजन पाठक का नाम

pppp1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राज्य सरकार ने पिछले छह साल से डिफंक्ट पड़े राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्तों के पद पर नियुक्ति के लिए लोक भवन को नाम भेज दिया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्य सूचना आयुक्त पद के लिए अलग से कोई नाम नहीं भेजा गया है।  सूचना आयुक्त पद के लिए भेजे गए पांच नामों में अनुज सिन्हा, धर्मवीर सिन्हा,तनुज खत्री, शिवपूजन पाठक और अमूल्य नीरज खलखो का नाम शामिल हैं। हालांकि राज्य सरकार ने सूचना आयोग में रिक्त पड़े सभी सात पदों पर नियुक्ति की अनुशंसा अभी नहीं की है। मालूम हो कि राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के एक और सूचना आयुक्त के छह पद सृजित हैं। इन पदों पर नियुक्ति को लेकर 25 मार्च को मुख्यमंत्री आवास में हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक हुई थी। इसमें प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी और मंत्री हफीजुल हसन शामिल हुए थे। लगभग तीन घंटे तक चली बैठक में पहले दिन सूचना आयुक्तों के नामों पर अंतिम सहमति नहीं बन सकी। अगले दिन फिर प्रतिपक्ष के नेता से मशविरा कर नामों पर सहमति बनायी गयी। उसके बाद मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा राज्यपाल की स्वीकृति के लिए नामों की सूची भेजी गयी है। इधर आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 10 अप्रैल के आसपास नव नियुक्त सूचना आयुक्तों को लोक भवन में शपथ दिलाने की योजना है।


अनुज सिन्हा की नियुक्ति के पीछे उनके झामुमो प्रेम से जोड़ कर देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अनुज सिन्हा ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन पर पुस्तक लिखी है। इसके अलावा भी अनुज सिन्हा अलग राज्य आंदोलन में झामुमो और गुरुजी की भूमिका को अपने पत्रकारिता जीवन में समय समय पर प्रचारित और प्रसारित भी करते रहे हैं। इसी तरह धर्मवीर सिन्हा को बाबूलाल मरांडी से नजदीकी रिश्ते का लाभ मिला है। धर्मवीर सिन्हा और बाबूलाल मरांडी के बीच का रिश्ता काफी पुराना है। जब बाबूलाल मरांडी राज्य के पहले मुख्यमंत्री बने उस समय से धर्मवीर सिन्हा उनकी कोर टीम के सदस्य हुआ करते थे। उस समय वह टीवी चैनल आज तक के रांची में रिपोर्टर थे। बाद में भी कई वर्षों तक धर्मवीर सिन्हा आज तक से जुड़े रहे। अमूल्य नीरज खलखो प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता हैं। तनुज खत्री झामुमो से जुड़े हैं। वह झामुमो के आईटी सेल से संलग्न हैं और विधायक कल्पना सोरेन के सोशल मीडिया हैंडल में हाथ बंटाते हैं। शिवपूजन पाठक बाबूलाल मरांडी के पसंद हैं। पाठक वर्षों से प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी हैं।


हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, कल भी होगी
विभिन्न आयोगों में नियुक्ति को लेकर बुधवार को झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अदालत में सुनवाई हुई। जानकारी के अनुसार राज्य सरकार द्वारा कोर्ट को बताया गया कि सूचना आयुक्त की नियुक्ति को लेकर चयन समिति की बैठक हो चुकी है। जल्द ही नियुक्ति कर ली जाएगी। उधर 2 अप्रैल को फिर न्यायमूर्ति एसएन प्रसाद की अदालत में सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर सुनवाई है। इसके बाद 28 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट भी सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर सुनवाई करेगा।

Tags - Jharkhand Information Commissioner State Government names sent to Raj Bhavan five names