logo

राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग, कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा हारे; हॉर्स-ट्रेडिंग की आशंका सच हुई!

a1001.jpg

रांची:

झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए हुए चुनाव में झामुमो उम्मीदवार बैजनाथ राम और एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी जीते हैं। कांग्रेस पार्टी को प्रणव झा की हार के रूप में बड़ा झटका लगा है। चुनाव परिणाम के बाद क्रॉस वोटिंग की आशंका जताई जा रही है। यह भी जानकारी मिली है कि 81 विधायकों में से 3 वोट अमान्य हो गए। बाकी 78 में से 31 वोट झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार बैजनाथ राम को मिला, 28 वोट एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी को मिला, जबकि प्रणव झा को केवल 19 वोट मिले। चुनाव परिणाम हैरान करने वाला इसलिए भी है क्योंकि सत्ताधारी इंडिया गठबंधन के पास स्वाभाविक रूप से 56 विधायक का समर्थन था और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दावा किया था कि उनके पास 56 नहीं बल्कि 61 विधायक हैं। 

एनडीए का 2 और कांग्रेस का 1 वोट अमान्य हो गया
बताया जाता है कि एनडीए के 2 वोट अमान्य हो गए, जबकि कांग्रेस का 1 वोट अमान्य हो गया। चुनाव परिणाम से साफ है कि राज्यसभा चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की जो आशंका जताई जा रही थी. वह सच साबित हुई है। सत्ताधारी दल के कुछ विधायकों ने परिमल नाथवानी के समर्थन में क्रॉस वोटिंग की है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों बैजनाथ राम और प्रणव झा को लेकर एकजुटता प्रदर्शित की थी। चुनाव परिणाम आते ही सत्ताधारी दल के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस ने कहा कि उनके विधायकों ने क्रॉस वोटिंग नहीं की।

गौरतलब है कि झारखंड में इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलावा आरजेडी, कांग्रेस और वामदल शामिल है। कांग्रेस ने दावा किया कि उनके 16 विधायकों में एकजुटता थी। हालांकि, कांग्रेस यह नहीं बता पा रही है कि किस पार्टी के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की होगी। 

रमा खलखो ने जताई क्रॉस वोटिंग की आशंका
रमा खलखो ने कहा कि यदि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है तो बात शीर्ष नेतृत्व तक जाएगी। शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा। रमा खलखो ने कहा कि अभी कुछ भी अनुमान लगाना जल्दीबाजी होगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास 56 विधायकों का आंकड़ा था। सबलोग एकजुट थे और बावजूद इसके विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है और यदि वे हमारी पार्टी के भी विधायक हैं तो शीर्ष नेतृत्व फैसला लेगा। उन्होंने भाजपा पर क्रॉस वोटिंग को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि उनके पास पर्याप्त संख्याबल नहीं था तो किस आधार पर जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहा था। 

तीसरी बार परिमल नाथवानी झारखंड से जीते
गौरतलब है कि यह तीसरा मौका है जबकि परिमल नाथवानी झारखंड से राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। राज्यसभा सांसद के रूप में यह परिमल नाथवानी का तीसरा कार्यकाल होगा। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर कहा कि जब हमने चुनाव में उतरने का फैसला किया था तो कांग्रेस ने कहा कि परिमल नाथवानी कहीं नजर नहीं आएंगे और जबकि हम जीत गए हैं तो धनबल का आरोप लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पैसों का लेन-देन नहीं करती। कांग्रेस ऐसे कृत्य करती है। 

Tags - Jharkhand Rajya Sabha ElectionJMMCongressParimal NathwaniPranav Jha