logo

Army Day  : सेना प्रमुख का दुश्मनों को संदेश, कहा- LAC पर हर परिस्थिति से निपटने के लिए हैं तैयार

armu_cheif.jpg

डेस्क:
आर्मी डे (Army Day) अवसर पर आज कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित गोविंदस्वामी परेड ग्राउंड (Govindaswamy Parade Ground, Bangalore) पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे (Army Chief General Manoj Pandey) ने सेना काे संबोधन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम जारी है। संघर्ष विराम उल्लंघनों में कमी आई है। लेकिन सीमा पार अभी भी आतंकी ढांचा बना हुआ है। हमारा घुसपैठ रोधी ग्रिड वहां से घुसपैठ को लगातार नाकाम कर रहा है।


आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार
साथ ही जनरल मनोज पांडे ने कहा कि उत्तरी सीमा क्षेत्र की स्थिति सामान्य रही है। स्थापित प्रोटोकॉल और मौजूदा तंत्र के माध्यम से शांति बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। एलएसी (LAC) पर एक मजबूत रक्षा मुद्रा बनाए रखते हुए हम किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा है कि कठिन क्षेत्रों और खराब मौसम के बावजूद हमारे बहादुर जवान वहां तैनात हैं। उन्हें हर तरह के हथियार उपकरण और सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में दी जा रही है। स्थानीय प्रशासन,अन्य एजेंसियां और सेना के संयुक्त प्रयासों से वहां सुधार हुआ है।


हेमंत सोरेन ने दी बधाई
सेना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बधाई दी है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा है कि शौर्य, साहस, पराक्रम और बलिदान के प्रतीक भारतीय सेना के वीर जांबाजों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारजनों को भारतीय सेना दिवस की अनेक-अनेक बधाई और शुभकामनाएं। भारतीय सेना के अमर वीर शहीदों को शत-शत नमन।


पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
वहीं पीएम मोदी ने आर्मी डे पर सेना को बधाई संदेश दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा- सेना दिवस पर, मैं सभी सैन्य कर्मियों, दिग्गजों और उनके परिवारों को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। हर भारतीय को हमारी सेना पर गर्व है और हमेशा हमारे जवानों का आभारी रहेगा। उन्होंने हमेशा हमारे देश को सुरक्षित रखा है और संकट के समय उनकी सेवा के लिए व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है।