द फॉलोअप डेस्क
पुलिस ने जेल से बाहर आए पूर्व पार्षद मो. असलम को हिंदपीढ़ी इलाके में 10 अगस्त को हुई साहिल उर्फ कुरकुरे हत्याकांड मामले में गिरफ्तार कर लिया है। वह युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पहले जेल में बंद था और उसे हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। जैसे ही वह जेल से बाहर आया, पुलिस ने उसे जेल गेट के पास से ही साहिल उर्फ कुरकुरे हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। कल ही पुलिस ने इस मामले में असलम के भाई आसिफ को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बता दें कि हाईकोर्ट ने मंगलवार को मो. असलम को जमानत दी थी। जस्टिस अंबुज नाथ की अदालत ने उसे 20-20 हजार रुपये के निजी मुचलके पर बेल दी थी। असलम और उसके भाई आसिफ के खिलाफ हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र निवासी कलीम ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कलीम ने आरोप लगाया था कि 22 जनवरी को मोजाहिद नगर निवासी पूर्व पार्षद और उसके भाईयों ने मिलकर इरशाद उर्फ अप्पू पर जानलेवा हमला किया था। इरशाद पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख था कि इरशाद की छेड़खानी का विरोध करने पर मारपीट की गई थी। उस वक्त सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।
