logo

जमीन विवाद को लेकर धारदार हथियार से हमला, एक व्यक्ति की हत्या; जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp_Image_2026-07-25_at_10_25_03_AM.jpeg

सिमडेगा
जिले के बोलबा थाना क्षेत्र के पालेमुंडा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेती के लिए जमीन जोतने को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला कर भुनेश्वर महतो नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
जमीन पर हल चलाने का विरोध बना विवाद की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, पालेमुंडा निवासी भुनेश्वर महतो की जमीन पर शुक्रवार सुबह उनके कुछ रिश्तेदार हल चलाकर खेती कर रहे थे। जब भुनेश्वर महतो ने अपनी जमीन पर उन्हें हल चलाते देखा तो इसका विरोध किया और जमीन पर खेती करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। बताया जाता है कि विवाद के बाद भुनेश्वर महतो अपने परिजनों को बुलाने घर लौट आए। इसी दौरान आरोप है कि उनके रिश्तेदारों के कुछ लोग उनके घर पहुंच गए और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में भुनेश्वर महतो गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 
पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
घटना की सूचना मिलते ही बोलबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। हत्या के पीछे जमीन विवाद को मुख्य कारण माना जा रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस मामले से जुड़ी जैसे ही कोई नई जानकारी सामने आएगी, उसे इस पोर्टल पर अपडेट कर दिया जाएगा।

Tags - Simdega Jharkhand Crime Land Dispute Murder Case Breaking News