रांची:
राजधानी रांची के कांटा टोली चौक (Kanta Toli Chowk) को जाम मुक्त कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगातार कोशिश की जा रही है। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए अब कांटा टोली चौक पर नंबरिंग सिस्टम से ऑटो चलेगा। शहर में नंबरिंग सिस्टम से ऑटो परिचालन की शुरुआत सोमवार को ग्रामीण शाह ट्रैफिक एसपी नौशाद आलम ने की। इस मौके पर नौशाद आलम (Naushad Alam) ने कहा कि राजधानी को जाम मुक्त कराने के लिए कांटा टोली चौक से नए सिस्टम से ऑटो का परिचालन की शुरुआत की गई है। भविष्य में अन्य चौक-चौराहो से भी नंबरिंग ऑटो सिस्टम की शुरुआत की जाएगी।

एक ऑटो में सवारी भर जाने के बाद आएगी दूसरी
कांटा टोली चौक से बूटी मोड़ और ओरमांझी मार्ग पर चलने वाले ऑटो मंगल टावर तक ही आएंगे। और वहीं से सवारी उठाएंगे। सवारी उठाने के लिए मंगल टावर स्थित सड़क की बाई तरफ एक ऑटो लगा रहेगा उसमें सवारी भर जाने के बाद दूसरा ऑटो वहां सवारी बैठाने के लिए आएगा।

नियम तोड़ने पर होगा ऑटो जब्त
कांटा टोली के पास ऑटो में सवारी बैठाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। ऑटो चालक संघ के दिनेश सोनी और अर्जुन यादव ने भी चालकों को कई दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने चालकों को कहा है कि वह लोग तय स्थान से ऑटो परिचालन करें। नियम का उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस ऑटो जब्त कर लेगी। साथ ही महासंघ भी उस चालक पर कानूनी कार्रवाई करेगा।