logo

झारखंड  : बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, कहा- सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में हो रही है अवैध वसूली

babulal_marandi3.jpg

रांची:
‘‘आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार’’ (Your plan - your government - your door) कार्यक्रम के दौरान गिरिडीह के बगोदर से वसूली का मामला सामने आया था। अब इस मामले में सियासत गरमा दी है। इस मामले को लेकर भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट लिखा है कि झारखंड में दलाल और बिचौलिया संस्कृति किस कदर हावी है, इसका नजारा बगोदर के "सरकार आपके द्वार" में देखने को मिला। जहां ऑनलाइन राशन कार्ड के नाम पर गरीब महिलाओं से ₹50 से 150 की वसूली की गई। जहां लोग समस्या के समाधान के लिए जाएं और वो ही समस्याग्रस्त हो, तो इसकी शिकायत कहां करें?


भ्रष्टाचार की नींव राज्य के कर्मचारियों अधिकारियों में व्याप्त
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि भ्रष्टाचार की नींव किस कदर राज्य के कर्मचारियों अधिकारियों में व्याप्त है, यह खबर इसका जीवंत उदाहरण है। खैर जब राज्य में सत्ता के शीर्ष में बैठे लोग ही अपराध, भ्रष्टाचार और अवैध रूप से लूटने में जुटे हों, तो सबसे निचले पायदान के कर्मचारी क्यों पीछे रहें?


क्या है मामला
बता दें कि बगोदर में लगे इस कैंप के पीछे 500 व ₹150 की वसूली हो रही थी। कुछ बिचौलिए राशन कार्ड के आवेदन को लैपटॉप के जरिए ऑनलाइन करने के लिए वसूली कर रहे थे। वसूली का यह मामला प्रमुख व उप प्रमुख तक पहुंचा। तब उन्होंने वसूली में शामिल युवकों को जमकर फटकार लगाई। युवकों पर दबाव बनाया गया और लाभुकों को पैसा वापस कराया गया। इस दौरान कुछ बिचौलिया भागने में सफल रहे। लोगों ने इस तरह के करतूत में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद अधिकारी भी इस मामले को लेकर सक्रिय हो गए है। साथ ही अधिकारियों ने लोगों से किसी बिचौलियों के चक्कर में नहीं पड़ने की भी अपील की है।