logo

बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत से की शिकायत, कहा- करप्शन में लिप्त हैं अधिकारी

a153.jpeg

रांची:

प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखकर सरकारी अधिकारियों की शिकायत की है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकारी अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। सरकारी अधिकारियों के आचरण पर सवाल उठाते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कई बार मुख्य सचिव से इस विषय पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की गई है लेकिन कोई पहल नहीं दिखी। कार्रवाई की अनुशंसा को स्वीकृति नहीं दी जाती। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि करप्शन में लिप्त शीर्ष अधिकारियों को सरकारी संरक्षण मिला हुआ है और यह झारखंड के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। बाबूलाल मरांडी ने इशसे पहले संकल्प यात्रा में उक्त बातें कही थीं।

मुख्य सचिव मामले को संज्ञान में नहीं लेते!
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले 1 साल से प्रदेश में यह देखा जा रहा है कि जांच एजेंसियां राज्य के शीर्ष अधिकारियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने का सबूत देती है। कार्रवाई की अनुशंसा करती है। करप्शन के आरोपों में घिरे अधिकारियो की जानकारी मांगती है लेकिन मुख्य सचिव चुप्पी साध लेते हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री को इस दिशा में सकारात्मक पहल करना चाहिए।

 

भ्रष्ट अधिकारियों को सरकारी संरक्षण का आरोप
इससे पहले पोटका और जमशेदपुर में संकल्प यात्रा के दौरान भी बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि हाल ही में ईडी ने सरकार को चिट्ठी लिखकर सीएम के पूर्व प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का के खिलाफ केस दर्ज करने की अनुशंसा की है। इससे पहले रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन और निलंबित खान एवं उद्योग सचिव पूजा सिंघल के खिलाफ भी केस दर्ज कर कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी। हालांकि, छवि रंजन और पूजा सिंघल को निलंबित किया गया।