द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Jharkhand Vidhansabha News: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान बाबूलाल मरांडी एसआईआर के औचित्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने राज्य सरकार के राजकीय संकल्प का विरोध करते हुए कई आवश्यक प्रक्रियाओं के उल्लंघन का आरोप लगाया। राज्य सरकार की नीयत और कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न चिन्ह खड़े किए। बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आवश्यक प्रक्रिया का पालन भी नहीं कर रही है। विशेष सत्र बुलाने से पहले कैबिनेट की बैठक तक नहीं बुलायी गयी। इतने महत्वपूर्ण सत्र को आहूत करने के लिए कैबिनेट की प्रत्याशा में स्वीकृति दी गयी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग झारखंड में पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया के तहत एसआईआर करा रहा है। इस पर राज्य के सत्ता पक्ष को राजनीति करना शोभा नहीं दिता है। दिलचस्प यह रहा कि बाबूलाल मरांडी अपनी बात कह रहे थे और गढ़वा से भाजपा के ही विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी सो रहे थे। इसे देख सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने खूब चुटकी भी ली।
.jpeg)
मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एसआईआर का एक मात्र उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। यह संवैधानिक व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। इसका एक मात्र उद्देश्य किसी पात्र म व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना और अपात्र का नहीं जुड़ना पहला लक्ष्य है। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा सदन में पेश किए गए आंकड़ों को सिरे से खारिज किया। मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार जिन आंकड़ों का हवाला दे रही है, वह मतदाता सूची अभी अंतिम रूप से प्रकाशित ही नहीं हुई है। उन्होंने चुटकी ली कि मतदाता सूची के ड्राफ्ट में नाम नहीं आना और किसी व्यक्ति को नोटिस जारी करने के बीच के अंतर को समझने की जरूरत है। राज्य सरकार इस अंतर को नहीं समझ कर भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

फर्जी दस्तावेज और घुसपैठ की जांच हो
बाबूलाल मरांडी ने एसआईआर के दौरान पेश किए जा रहे फर्जी दस्तावेज और घुसपैठ की जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में अफगानी और राज्य के अन्य हिस्सों में ईरानी नागरिक पकड़े गए हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फर्जी कागजात बनाए जाने की खबरें भी लगातार सामने आ रही हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। इसलिए राज्य सरकार को घुसपैठियों और शरणार्थियों के बीच के अंतर को समझने की जरूरत है। अवैध तरीके से भारत में आने वाले घुसपैठिए हैं वहीं, बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आने वाले हिंदू शरणार्थी हैं।
