द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिले में लगातार हो रही चार पहिया वाहनों की चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 42 गाड़ियां चोरी के मामले में कुल पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी के दौरान की गईं। यह कार्रवाई विशेष जांच टीम (SIT) द्वारा की गई, जिसे पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में गठित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अजय कुमार (कोडरमा निवासी), जितु श्रीवास्तव (मुजफ्फरपुर निवासी), संतोष कुमार (गिरिडीह निवासी), साजन कुमार (मुजफ्फरपुर निवासी) और चन्द्रशेखर कुमार (लातेहार निवासी) शामिल हैं। पूछताछ के दौरान इन अपराधियों ने कबूल किया कि वे चोरी किए गए वाहनों का इंजन और चेसिस नंबर पंच कर बदल देते थे, और फिर नकली दस्तावेज तैयार कर उन वाहनों को बेचते थे।
पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के दौरान चोरी किए गए और घटनाओं में इस्तेमाल किए गए कुल पाँच वाहन बरामद किए हैं। इनमें एक सफेद रंग की महिंद्रा पीक-अप (रजिस्ट्रेशन नंबर BR24GC-7279), एक अन्य सफेद महिंद्रा पीक-अप, एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो, एक टाटा पंच (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FP-0233) और एक सफेद रंग की हुंडई ऑरा (बिना नंबर प्लेट) शामिल हैं। इसके अलावा वाहन चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और कई वाहनों के नकली कागजात भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ मानवीय आसूचना, तकनीकी अनुसंधान और कोडरमा पुलिस की तकनीकी शाखा के सहयोग से किया। विशेष टीम ने विभिन्न राज्यों में लगातार छापेमारी करते हुए सुरागों को जोड़ा और अंततः इस संगठित गिरोह तक पहुंच बनाई। अपराधियों की पहचान, उनकी गतिविधियों की निगरानी और उनके छिपने के ठिकानों की जानकारी जुटाकर पुलिस ने यह सफलता पाई।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है और चोरी किए गए अन्य वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक, गोड्डा ने इस सफलता पर टीम को सराहना दी है और आम लोगों से अपील की है कि वाहन खरीदते समय दस्तावेजों की पूर्ण जांच जरूर करें।
