द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा पुलिस ने मिहिजाम में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड सुपारी शूटर युवराज यादव उर्फ युवराज सिंह र उसके साथी मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को हत्या, रंगदारी और कई गोलीकांड के मामलों में तलाश थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कचरा पट्टी मिहिजाम के तीन मुहाने पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि पूर्व के जघन्य कांडों में वांछित अपराधी मिहिजाम के कचरा पट्टी में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विवेकानन्द दुबे के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कचरा पट्टी मिहिजाम तीन मुहाने के पास घेराबंदी की और युवराज यादव उर्फ युवराज सिंह और मुकेश कुमार को धर दबोचा।
पुलिस ने युवराज यादव के पास से एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं, मुकेश कुमार के पास से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनमें एक रियलमी कंपनी का और दूसरा जियो कंपनी का है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवराज यादव का मिहिजाम और चित्तरंजन से पुराना नाता रहा है। उसके दादा चिरेका में नौकरी करते थे, जिसके कारण उसका यहां आना-जाना लगा रहता था। युवराज का परिवार बिहार के पटना और लखीसराय में रहता है। युवराज ने पुलिस को बताया कि वह मिहिजाम में एक लड़की से मिलने अक्सर आता जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती अम्बेडकरनगर, मिहिजाम के राहुल गुप्ता उर्फ मुर्गी, मोर्टिन और अन्य लोगों से हुई। इसके बाद उन्होंने मिलकर अपराध की योजना बनाना शुरू कर दिया। रुपनारायणपुर के एक युवक भी उनके निशाने पर था। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो जाता था और अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने आता था। पुलिस को काफ़ी समय से उसका इंतज़ार था।
लेफ्टि सिंह को गोली मारने का आरोप, CISF जवान की हत्या में भी शामिल
युवराज पर 30 जनवरी को लेफ्टि सिंह को गोली मारने का आरोप है। रुपनारायणपुर पुलिस भी उसे CISF जवान सुनील पासवान की हत्या के सिलसिले में खोज रही थी। शुरुआती दौर में उसने कई लोगों से रंगदारी भी मांगी, और डराने के लिए कहीं भी हवा में फायरिंग करता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और उनके अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगने की उम्मीद है।
