logo

पेंटर ने हादसे में गंवा दिए थे दोनों हाथ, बाइलेटरल हैंड ट्रांसप्लांट से मिली नई जिंदगी; दोबारा उठा सकेगा ब्रश

a1419.jpeg

द फॉलोअप नेशनल डेस्क:

डॉक्टरों को धरती में भगवान यूं ही नहीं कहा जाता। मेडिकल साइंस में अक्सर ऐसे चमत्कार होते हैं कि जानने वाले दंग रह जाते हैं। अब ऐसा ही कुछ दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल के चिकित्सकों ने किया है। दरअसल, नागलोई निवासी 45 वर्षीय एक शख्स का बाइलेटरल हैंड ट्रांसप्लांट किया गया है। पेशे से पेंटर इस शख्स ने वर्ष 2020 में एक रेल हादसे में अपने दोनों हाथ गंवा दिये थे। इस शख्स की कमाई से ही परिवार की आजीविका चलती थी। शख्स के दिव्यांग होने से परिवार के समक्ष रोटी का संकट खड़ा हो गया था। सर गंगाराम अस्पताल के चिकित्सकों ने इस शख्स को नई जिंदगी दी है। 

रेल हादसे में शख्स ने गंवाये थे हाथ
गौरतलब है कि दिल्ली के नागलोई निवासी पेंटर ने रेल हादसे में हाथ गंवा दी थी। वह, इस समस्या का स्थायी समाधान चाहता था। जनवरी में सर गंगाराम अस्पताल के चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन करने का फैसला किया। इसी बीच एक महिला को ब्रेन हेमरेज के बाद ब्रेन डेड घोषित कर दिया था। मृत्यु पूर्व महिला ने अपने अंग दान करने का फैसला किया था। चिकित्सकों ने प्रयोग के तौर पर नागलोई निवासी व्यक्ति में महिला के हाथों को ट्रांसप्लांट किया। डॉक्टरों का कहना है कि जनवरी में ही उस व्यक्ति की सर्जरी हुई थी और अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है। गुरुवार को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जायेगी। 

ट्रांसप्लांट के बाद मरीज स्वस्थ है
सर गंगाराम अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि मरीज अब पूरी तरह से ठीक है। पूरी तरह से रिकवर होने में उसे 2 माह लगेंगे। हालांकि, वह गुरुवार को अपने घर जा सकता है। इस दौरान वह चिकित्सकों की निगरानी में रहेगा। उसका नियमित चेकअप किया जायेगा।