द फॉलोअप डेस्क
नई दिल्ली–हावड़ा मेन रेलवे लाइन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक अधेड़ की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना चित्तरंजन और रुपनारायणपुर रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 235/44 के पास, मिहिजाम के कानगोई स्थित जेएमएम कार्यालय के पीछे डाउन रेलवे लाइन पर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय राम टहल की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कानगोई का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पंचनामा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। जीआरपी और आरपीएफ के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
