logo

35 हजार में बिरहोर महिला को राजस्थान में बेचा, घर पर बच्चे देख रहे मां की राह 

बेचा.jpg

रामगढ़ः
झारखंड राज्य को बने 22 साल हो गये हैं लेकिन अब भी लोग रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य में पलायन करने को मजबूर हैं। कुछ लोग तो ना सिर्फ पलायन कर रहे हैं बल्कि मानव तस्करी का शिकार हो जा रहे हैं। लोगों के पास जीवन यापन करने के लिए पैसे ना होने के कारण वह तस्करों के झांसे में आ जाते हैं और काम की लालच में ऐसे दलदल में फंस जाते हैं कि फिर वहां से निकलना मुश्किल होता है। ऐसा ही मामला आया है रामगढ़ जिला के मांडू से प्रखंड से। यहां आदिम जनजाति बिरहोर की एक महिला मानव तस्करी की शिकार हो गई है। महिला को राजस्थान में 35 हजार रुपये में बेच दिया गया है। महिला ने अपने पति को 1 साल बाद  फोन कर पूरी बात बताई है। पीड़ित महिला का नाम महिला रेखा बिरहोर है। वह 1 साल से लापता थी। रेखा का पिता विनोद बिरहोर 1 साल से उसे ढूंढने का प्रयास कर रहा है। बुधवार को रेखा ने विनोद को फोन किया था। रेखा ने बताया कि वह राजस्थान के गदौली में है। उसे नंदलाल जंगम पटवा नामक व्यक्ति के घर बेच दिया गया है। 


ढूंढने पहुंचा राजस्थान 
विनोद बिरहोर अपने एक साथी अजीत प्रसाद के साथ 29 जनवरी को राजस्थान चला गया। जब वह नंदलाल के घर पहुंचा तो वहां उसकी पत्नी थी। तभी नंदलाल जंगम पटवा आया और कहा कि ऐसे नहीं जाने देंगे पहले मेरा 35 हजार दो फिर अपनी पत्नी को ले जाओ। फिर वह रेखा बिरहोर को लेकर अंदर चला गया। इसके बाद विनोद करौली थाना गया जहां उसे वहां के चैनपुर चेकपोस्ट जाने को कहा गया। विनोद बिरहोर ने बताया कि रेखा को बड़गांव गुड़ियाटांड के रहने वाले दीपक करमाली बहला फुसलाकर ले गया था। उसने कहा था कि नजदीक में काम दिलावा देगा लेकिन उसको राजस्थान लेकर भाग गया। 


बच्चे घर पर कर रहे इंतजार 
बता दें कि 40 वर्षीय रेखा के चार बच्चे हैं। बच्चे घर पर मां की राह देख रहे हैं। 1 साल से मां के नहीं होने से वह टूट रहे हैं। माँ यह कहकर घर से निकली थी कि वह काम करने जा रही है लेकिन वापस नहीं आई। पिता बच्चों की मां को  लाने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यह खबर आज दैनिक जागरण अखबार में छपी है। दैनिक जागरण से बात करते हुए बीडीओ मांडू सुधीर प्रकाश ने बताया है कि विनोद बिरहोर ने पत्नी को वापस लाने की गुहार लगाई थी। इसलिए मांडू थाना को सूचित कर दिया है । रेखा को वापस लाने की प्रक्रिया चल रही है।