logo

जेएमएम का बीजेपी पर पलटवार : विनोद पांडेय बोले- घाटशिला में दिखी भाजपा की हताशा, जनता ने विकास पर की वोटिंग 

vinod_pandey-11.jpg

रांची 

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत का दावा दरअसल उनकी हताशा और निराशा का बयान है। घाटशिला की जनता ने झूठे वादों, सांप्रदायिक राजनीति और भ्रम फैलाने वालों को नकारते हुए विकास, जनविश्वास और हेमंत सरकार की नीतियों पर मोहर लगाई है।

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा को अब यह स्वीकार करना चाहिए कि झारखंड में लोगों ने 25 साल के अनुभव से सीखा है—विकास की राजनीति झामुमो करती है, भ्रम की राजनीति भाजपा। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार ने घाटशिला और आसपास के इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और आदिवासी युवाओं के रोजगार पर ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन्हीं कार्यों के आधार पर झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन भारी बहुमत से जीतने जा रहे हैं।

भाजपा नेताओं द्वारा चुनाव प्रक्रिया और कार्यकर्ताओं पर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए पांडेय ने कहा कि “भाजपा को अब हार का ठीकरा दूसरों पर फोड़ने की आदत हो गई है। घाटशिला में मतदान शांतिपूर्ण हुआ, जनता ने निर्भीक होकर वोट दिया। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अब झारखंड के लोगों के फैसले का इंतज़ार करना चाहिए, क्योंकि जनादेश झूठे आरोपों से नहीं, जनता के भरोसे से बनता है। घाटशिला में जनता ने झामुमो पर भरोसा जताया है, और परिणाम भाजपा के दावे को मुँहतोड़ जवाब देंगे।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest Breaking News Dai।y News News Update