नई दिल्ली
बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के मुंबई स्थित फ्लैट में हुई नकदी चोरी के मामले में अंबोली पुलिस ने उनके पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र कुमार दीनानाथ शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने दो अलग-अलग मौकों पर कुल 5.4 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया।
यह चोरी मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित शास्त्री नगर इलाके के सुंदरबन अपार्टमेंट में हुई, जहां मनोज तिवारी का फ्लैट है। इस मामले की शिकायत उनके मैनेजर प्रमोद जोगेंद्र पांडे ने दर्ज कराई थी, जो पिछले 20 वर्षों से सांसद के साथ जुड़े हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक चोरी की पहली घटना जून 2025 में सामने आई थी, जब अलमारी से 4.40 लाख रुपये गायब हो गए थे। उस समय चोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इसके बाद 15 जनवरी 2026 की रात को एक बार फिर अलमारी से 1 लाख रुपये चोरी हो गए।
बार-बार बिना ताला टूटे पैसे गायब होने पर शक गहराया। इसके बाद दिसंबर 2025 में फ्लैट के अंदर गुप्त रूप से CCTV कैमरे लगाए गए। 15 जनवरी की रात करीब 9 बजे फुटेज में साफ दिखा कि पूर्व कर्मचारी सुरेंद्र शर्मा आराम से फ्लैट में दाखिल हुआ। उसके पास घर, बेडरूम और अलमारी की डुप्लीकेट चाबियां थीं।
CCTV फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। अंबोली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरी की गई राशि की बरामदगी और आगे की जांच शुरू कर दी है।
.jpeg)