द फॉलोअप डेस्क
नगर निकाय चुनाव के तहत जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी के समर्थन में गुरुवार को एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री और मुख्य अतिथि ऋतुराज सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। जामताड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जनसभा में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह नगर निकाय चुनाव प्रभारी रणधीर सिंह, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेन्द्र मंडल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण, नगर निकाय चुनाव संयोजक सोमनाथ सिंह तथा प्रत्याशी रीना कुमारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिंह ने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत में विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए मजबूत और जनसमर्पित नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रीना कुमारी ने अपने पिछले कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए हैं और आगे भी नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन और पारदर्शिता की राजनीति करती है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि नगर के समग्र विकास और बेहतर भविष्य के लिए रीना कुमारी को पुनः अवसर दें।
वहीं वरिष्ठ नेता वीरेन्द्र मंडल ने कहा कि वर्ष 2008 से अब तक जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और उन्होंने निरंतर नगर के विकास के लिए कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता विकास और भरोसे की राजनीति को प्राथमिकता देगी और रीना कुमारी को भारी मतों से विजयी बनाएगी। कार्यक्रम में जिला महामंत्री मितेश शाह, प्रभाष हेम्ब्रम, पूर्व जिला अध्यक्ष संतन मिश्रा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, नगर अध्यक्ष प्रदीप राउत, जिला मंत्री मोहन शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल (सर्कल) ने किया। इसके अलावा पूर्व जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह, कुनाल सिंह, प्रदीप कुमार, मुरारी भूषण सिंह, रंजीत यादव, निपेन सिंह और प्रमोद गोस्वामी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभा के समापन के बाद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया और मतदाताओं से रीना कुमारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
