logo

हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ के साथ 11 अप्रैल को रांची में विशाल प्रदर्शन करेगी भाजपा- दीपक प्रकाश

1258.jpg

द फॉलोअप डेस्क
भाजपा कार्यकर्ता को अब चुनाव की तैयारी में जुट जाना चाहिए। हम सभी को अब अपने कार्यों की गति चौगुनी करनी है। बूथ सशक्तिकरण अभियान के साथ हम अन्य सांगठनिक कार्यक्रमों को तेजी से धरातल पर उतारना है। यह बातें भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कही। बैठक में बैठक में पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रमों के साथ राज्य सरकार के खिलाफ राजस्तरीय  विशाल प्रदर्शन की घोषणा की गई। इसमें दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार ऑक्सीजन पर चल रही है। भ्रष्ट निकम्मी सरकार अपनी नाकामियों, विफलताओं से घिरती जा रही। राज्य सरकार को अब एक धक्का देने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य सरकार के खिलाफ प्रखंड एवं जिला स्तर पर हुए प्रदर्शन के बाद आगामी 11 अप्रैल को रांची में विशाल प्रदर्शन की घोषणा की गई। उन्होंने कार्यकर्ता से कहा कि हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ अभियान में पूरी तरह जुट जाएं।

विरोधियों ने मोदी सरकार की लोकप्रियता को लगातार बढ़ाया
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा ने गरीब कल्याण कार्यक्रमों और नीतियों के आधार पर पिछले लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा मत प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि विरोधियों की बौखलाहट एवं सत्ता लोलुपता ने मोदी सरकार की लोकप्रियता को लगातार बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी अपने कार्यकर्ता एवम सहयोगी दलों के साथ 35 करोड़ मत प्राप्त करके केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार का सपना साकार करेगी।

स्वावलंबी भारत अभियान की हुई चर्चा
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने संपन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने केलिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने स्वावलंबी भारत अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम की चर्चा की। कहा कि आगामी 22 मार्च को धनबाद में बिहार दिवस, 30 मार्च को रांची में राजस्थान दिवस जबकि 1 अप्रैल को जमशेदपुर में उड़ीसा दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के 100वें संस्करण को प्रदेश के सभी बूथों पर अप्रैल के अंतिम रविवार को उत्सव की तरह मनाने के निर्देश दिया। कहा कि 100वें एपिसोड को समाज के विभिन्न वर्गों की 100 का समूह बनाकर कार्यकर्ता सुनेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय ने किया।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT