द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार द्वारा अटल क्लिनिक का नाम बदलकर "मदर टेरेसा क्लिनिक" किए जाने के फैसले के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) गिरिडीह द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ तीव्र नाराजगी जताई।
कार्यकर्ता सबसे पहले झंडा मैदान में एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए टावर चौक पहुंचे, जहां उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन का पुतला फूंका। इस दौरान 'अटल क्लिनिक का नाम बदलना बंद करो', 'तानाशाही नहीं चलेगी', 'हेमंत सरकार होश में आओ' जैसे नारे लगाए गए।
भाजयुमो के जिला अध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी ने कहा कि झारखंड सरकार का यह निर्णय न केवल तुगलकी है, बल्कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी के योगदान का अपमान भी है। उन्होंने कहा, "आज झारखंड अगर एक अलग राज्य के रूप में खड़ा है, तो उसका श्रेय अटल जी को जाता है। उनके नाम से शुरू की गई जनहितकारी योजना का नाम बदलना राज्य सरकार की राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है।" उन्होंने सरकार पर युवाओं और महिलाओं को ठगने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले छह वर्षों में सरकार ने केवल बहकावे वाले मुद्दों पर काम किया है, जबकि बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे पीछे छूट गए हैं।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से संदीप कुमार देव, विक्की गुप्ता, श्रेयांश सौरव, कुंदन सिंह, आलोक केसरी, संजीव, गोपी कुमार, ओम कुमार, अभिषेक कुमार, अंकित कुमार, रमेश चंद्रवंशी, मिथुन कुमार, अमित तर्वे, संजीव कुमार, सचिन सिंह, रोहित वर्मा, इशू गुप्ता, अमन सिंह, राहुल कुमार, निखिल कुमार, संतोष यादव, विक्की कुमार, गौरव कुमार, अनुज कुमार, मनीष कुमार, राघव कुमार, शिवम कुमार और सोनू कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
