साहिबगंज
साहिबगंज ज़िले के राधा नगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज गांव में 14 साल के मासूम गुलाम हुसैन की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाज की सुविधा समय पर न मिलने के कारण यह बच्चा हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया।
परिजनों के अनुसार, बीमार होने पर बच्चे को मालदा ले जाया गया, जो उसके गांव से करीब 78 किलोमीटर दूर है। लेकिन वहां भी सही इलाज नहीं मिल सका और मासूम की सांसें थम गईं। दुख की बात यह है कि घर से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना हुआ है, लेकिन वह अब तक चालू नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल तक जाने का रास्ता भी नहीं है।

गांववालों का सवाल है कि जब उनके घर के पास ही स्वास्थ्य केंद्र मौजूद है तो उसे बंद क्यों रखा गया है? अगर अस्पताल चालू होता और वहाँ पहुँचने का रास्ता बना होता, तो शायद गुलाम हुसैन की जान बच सकती थी।
ग्रामीणों ने सरकार से सख्त अपील की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को तुरंत चालू किया जाए और वहाँ तक सड़क बनाई जाए। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक बच्चे की मौत का मामला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की ज़िंदगी और मौत से जुड़ा मुद्दा है। गांववालों का सीधा सवाल है – “कितनी और जानें जाएंगी तब सरकार जागेगी?”
