रामगढ़:
रामगढ़ में जल्द ही उपचुनाव हो सकता है। इसके लिए निर्वाचन आयोग अपनी तैयारियों में जुट गई है। झारखंड निर्वाचन आयोग ने कहा है कि मार्च-अप्रैल माह में रामगढ़ विधानसभा के उपचुनाव हो सकते हैं। निर्वाचन आयुक्त के.रवि कुमार ने आज आयोग कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते कहा कि आयोग 6 जनवरी यानि कल चुनावी तैयारियों को दुरुस्त करने को रामगढ़ जा सकता है। आयोग रामगढ़ उपचुनाव के लिए अपनी तैयारियों में लग चुका है। सब ठीक रहा तो दो महीने में रामगढ़ में चुनाव संपन्न करा लिए जाएंगे। इस दौरान निर्वाचन आयोग के कई पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

540360 नए मतदाता जुड़े
निर्वाचन सूची के पुनिरीक्षण को लेकर जानकारी देते हुए निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि राज्य में पिछले साल की तुलना मतदाताओं की संख्या बढ़ी है। 540360 नए मतदाता जुड़े हैं। जो इस बार चुनाव में अपना मतदान करेंगे। पुनिरीक्षण के बाद प्रकाशित नए मतदान सूची में राज्य में कुल 24529841 वोटर है। जिसमें पुरुष वोटर 12608292, महिला 11921181 तथा थर्ड जेंडर वोटरों की संख्या 368 है। वहीं रामगढ़ की बात करें तो वहां 334167 वोटर अपने अधिकार का इस्तेमाल करेंगे जिसमें 172923 पुरुष और 161244 महिला वोटर हैं।

ममता देवी की सदस्यता रद्द
बता दें, वर्ष 2016 में ममता देवी की अगुवाई में मजदूरों के शोषण के विरुद्ध आंदोलन उग्र होने पर पुलिस फायरिंग हुई थी। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में ममता देवी के अलावा अन्य कई लोगों को भी सजा हुई है। इस मामले में विधायक ममता देवी को पांच साल की सजा सुनाई गई है। रामगढ़ विधायक ममता देवी की सदस्यता 26 दिसंबर 2022 को रद्द करने की अधिसूचना जारी की गई थी।