logo

रांची : आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 1 से 15 फरवरी तक लगेगा कैंप

1333.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची जिला में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पंचायत स्तर पर कैंप लगाया जाएगा। गुलाबी/पीला/हरा राशन कार्डधारी योग्य परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पंचायत स्तर पर 1 से 15 फरवरी 2023 तक कैंप लगाया जाएगा। कैंप में योग्य व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए टीम उपस्थित रहेगी। इस संबंध में रांची के डीडीसी दिनेश कुमार यादव ने 30 जनवरी 2023 को आयुष्मान कार्ड बनाने को लेकर आयोजित बैठक में कई दिशा-निर्देश दिए। वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में निदेशक डीआरडीए, जिला योजना पदाधिकारी, सिविल सर्जन, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, एमओआईसी, सीएससी मैनेजर एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

योग्य परिवारों को कैंप तक लाएं
डीडीसी ने सहिया, पीडीएस डीलर, एसएचजी की महिलाएं, सेविका को योग्य परिवारों को कैंप तक लाने में सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैसे व्यक्ति जो आयुष्मान कार्ड बनाने में असमर्थ हैं, उन्हें सहिया, राशन डीलर, एसएचजी की महिला, सेविका नजदीक के प्रज्ञा केंद्रों में ले जाएं। डीडीसी ने सभी बीडीओ को पंचायतों में कैंप का आयोजन करने का निर्देश दिया।

कार्ड के साथ आधार कार्ड व मोबाइल नंबर जरूरी
आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए लाभुक को गुलाबी/पीला/ हरा राशन कार्ड के अलावा आधार कार्ड एवं मोबाईल नम्बर के साथ आना होगा। तब लाभुक का आयुष्मान कार्ड फौरन बनेगा। मालूम हो कि आयुष्मान कार्ड बनाने के बाद प्रत्येक पात्र परिवार प्रतिवर्ष 5 लाख रूपये तक का निःशुल्क ईलाज प्राप्त कर सकते हैं। इस योजना के तहत राज्य एवं देश के सभी सूचीबद्ध सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त किया जा सकता है।