द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव को लेकर शनिवार की शाम 5 बजे चुनाव प्रचार अभियान खत्म हो चुका है। इसमें पूर्व उम्मीदवारों द्वारा मोटरसाइकिल रैली निकाली गई व जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अब मतदान होना है। मतदान 27 फरवरी यानी कल सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। 2 मार्च को वोटों की गिनती की जाएगी। बता दें कि उपचुनाव को लेकर 25 फरवरी की शाम 5 से 27 फरवरी की शाम 5 बजे तक रामगढ़ में धारा 144 तहत निषेधाज्ञा लगायी गयी है।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन ने कसी कमर
वहीं इस उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने भी सारी तैयारियां पूरी कर ली है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान हो इसके लिए प्रशासन ने अपनी कमर कस ली। वोटिंग के समय मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों की तैनाती होगी। आंकड़ों के अनुसार इस उपचुनाव में 1 लाख 73 हजार 550 पुरुष और 1 लाख 62 हजार 184 महिला मतदान करेंगी। वहीं इस चुनाव में 318 सर्विस वोटर हैं। जिसमें 311 पुरुष और 7 महिला मतदाता है। चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार 80 प्लस वोटर के संख्या 4276 है। वहीं निशक्त मतदाताओं की संख्या 6325 है।

18 प्रत्याशी मैदान में
रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में 18 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रत्याशी बजरंग महतो को हाथ छाप, सुनीता चौधरी को केला छाप, युगन कुमार को कंप्यूटर छाप, संतोष कुमार महतो को फलों से युक्त टोकरी छाप, अजीत कुमार को हरी मिर्च छाप, इमाम शफी को बैट्री टॉर्च छाप, कामदेव महतो को पानी का जहाज छाप, तुलेश्वर पासवान को गन्ना किसान छाप, धनंजय कुमार पुटूस को मोबाइल फोन चार्जर छाप, पांडव कुमार महतो को सेब छाप, प्रदीप कुमार को हेलिकॉप्टर छाप, प्रत्याशी फारुक अंसारी को फुटबॉल छाप, मनोज कुमार बेदिया को ऑटो-रिक्शा छाप, महिपाल महतो को भिंडी छाप, रंजीत महतो को चारपाई छाप, रामावतार महतो को बाल्टी छाप, सहदेव कुमार को भाला फेंक छाप तथा सुलेंद्र महतो को माचिस की डिब्बी छाप मिला है।