निरसा(बंटी झा) :
धनबाद जिले के निरसा अनुमंडल अंतर्गत पॉपुलर नर्सिंग होम के समीप सोमवार दोपहर 8 साल के बच्चे को तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। जिसके बाद चालक गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आई है। उसे आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्चा ठीक है। गाड़ी का नंबर BR02 BB 5286 है। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। इसके बाद साशनबेड़िया मोड़ के पास नाकाबंदी करके गाड़ी समेत तीन लोगों का पकड़ लिया। उनसे निरसा थाना में पूछताछ जारी है।

स्कूल से लौट रहा था बच्चा
मामला निरसा अनुमंडल के कुमारधुबी ओपी अंतर्गत पॉपुलर नर्सिंग होम के पास का है। बच्चा सड़क पार कर घर जा रहा था। तभी कुमारधुबी की ओर से तेज़ रफ़्तार से आ रही काले रंग की BR02 BB 5286 क्रेटा कार स्कूली छात्र को टक्कर मारते हुए फरार हो गयी। इस दौरान आसपास के लोग भागते हुए कार को पकड़ने का प्रयास किया। इसके बाद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।

कार में तीन लोग शराब के नशे में थे
पुलिस ने सूचना मिलते ही अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। गश्ती दल के साथ साशनबेड़िया मोड़ के पास कार को पकड़ लिया है। कार में तीन लोग शराब के नशे में थे। सभी बिहार के है। यहां एगारकुंड किसी परिजन के पास आये थे। हालांकि पकड़े गए कार को निरसा पुलिस ने घटना क्षेत्र कुमारधुबी ओपी पुलिस को मंगलवार को सौंप दिया है। कुमारधुबी ओपी प्रभारी ने कहा कि कार को निरसा थाना से लाया गया है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।